विधानसभा पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया, शोकाकुल परिवार से मिलकर जताई संवेदना
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक संदेश में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की समस्याओं और मुद्दों को मजबूती से उठाया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
मुख्यमंत्री एवं विधायक कल्पना सोरेन ने इस अवसर पर पूर्व मंत्री के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। रविवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी शोक व्यक्त किया है।























Total Users : 1074612
Total views : 2875545