थाना कांड संख्या 117/2026 में कार्रवाई, भाजपा नेता ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
चतरा। कथित फर्जी दस्तावेज तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के मामले में चतरा पुलिस ने भाजपा नेता श्रीनिवास सिंह को रांची के कांके क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी हंटरगंज थाना कांड संख्या 117/2026 के तहत पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, मामला हंटरगंज अंचल निरीक्षक की लिखित शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिसमें सरकारी अभिलेखों से कथित छेड़छाड़ कर गलत दस्तावेज तैयार करने का आरोप लगाया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जयशंकर स्टोन इंडस्ट्रीज बनाम झारखंड सरकार से जुड़े मामले में झारखंड उच्च न्यायालय में प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के दौरान कथित अनियमितताएं सामने आईं। जांच में अंचल कार्यालय के मूल अभिलेखों और निर्गत पंजी का मिलान करने पर पत्र संख्या 491, दिनांक 4 जून 2025 की मूल प्रविष्टि और न्यायालय में प्रस्तुत दस्तावेजों में अंतर पाया गया। आरोप है कि अंचल अधिकारी, हंटरगंज के नाम से जारी पत्र में कथित रूप से छेड़छाड़ कर गलत दस्तावेज तैयार किया गया। इसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता श्रीनिवास सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे लंबे समय से झारखंड सरकार और जिले के कुछ अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। उनके अनुसार, उन्हें राजनीतिक एवं प्रशासनिक साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है।
वहीं, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी थाना कांड संख्या 117/2026 के तहत दर्ज मामले में की गई है। उन्होंने कहा कि प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















Total Users : 1072525
Total views : 2872472