शांति व्यवस्था व अपराध नियंत्रण को बताया प्राथमिकता; कोल परिवहन बहाली और जाम हटाना होगी पहली बड़ी चुनौती
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया थाना के नए थाना प्रभारी के रूप में अमित कुमार गुप्ता ने रविवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने उन्हें सिमरिया थाना की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने निवर्तमान थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह से प्रभार लिया।
पदभार संभालने के बाद थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करना तथा नो-एंट्री के नियमों का सख्ती से पालन कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस चौबीसों घंटे तत्पर रहेगी।
नए थाना प्रभारी को ऐसे समय में जिम्मेदारी मिली है, जब देल्हो में सीआरपीएफ जवान की मौत के बाद पिछले तीन दिनों से कोल परिवहन पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। कोयला परिवहन बंद रहने से क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर भारी वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
भारी वाहनों के सड़क पर खड़े रहने से आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जाम हटाकर यातायात को सामान्य करना तथा ठप पड़े कोल परिवहन को शांतिपूर्ण ढंग से पुनः शुरू कराना नए थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता के सामने पहली और सबसे बड़ी चुनौती मानी जा रही है।





















Total Users : 1070857
Total views : 2870172