व्यवसायी की हत्या की साजिश, हवाला नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन के मिले अहम सुराग; गिरोह के खिलाफ अभियान तेज
चतरा। हंटरगंज थाना क्षेत्र के व्यवसायी प्रेम सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान उर्फ हैदर अली गिरोह के दो सक्रिय सहयोगियों अशफाक आलम और शादाब अंसारी को बिहार के भोजपुर जिले से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित 10 सदस्यीय विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोचा। पूछताछ के दौरान गिरोह के आर्थिक लेन-देन, रंगदारी वसूली और हवाला नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन से भी अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, व्यवसायी प्रेम सिंह की हत्या की साजिश रचे जाने और इसके लिए सुपारी दिए जाने के भी संकेत मिले हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गिरोह का सरगना प्रिंस खान विदेश में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा है। पुलिस उसके आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान अपने भाई सेराज अंसारी और साला मौलाना अंसारी उर्फ वारिश की देखरेख में रंगदारी वसूली का नेटवर्क संचालित कर रहा था। वहीं गिरफ्तार शादाब अंसारी के खिलाफ धनबाद जिले के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी ने कहा कि इस मामले में मिले सभी सुरागों के आधार पर प्रिंस खान और उसके पूरे नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही इस कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।























Total Users : 1069370
Total views : 2868112