खाद्यान्न वितरण की निगरानी, शिकायतों के समाधान व कालाबाजारी पर रोक रहेगा समिति का मुख्य उद्देश्य
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड के सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों एवं पंचायत स्तर पर 10 जुलाई को सतर्कता एवं निगरानी समितियों का गठन किया जाएगा। इस संबंध में प्रखंड कार्यालय द्वारा आदेश जारी कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को प्रमुख की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति गठन की प्रक्रिया, संरचना एवं जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने बताया कि समितियों का मुख्य उद्देश्य जन वितरण प्रणाली के तहत समय पर खाद्यान्न वितरण की निगरानी करना, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना, उचित मूल्य दुकानों के सुचारु संचालन पर नजर रखना तथा कालाबाजारी एवं फर्जी राशन कार्डों पर प्रभावी रोक लगाना है।
उन्होंने बताया कि पीडीएस दुकान स्तर की समिति में संबंधित पंचायत के मुखिया अध्यक्ष होंगे, जबकि वार्ड सदस्य, मध्य एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा स्थानीय आंगनबाड़ी सेविका सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
वहीं पंचायत स्तरीय समिति में मुखिया अध्यक्ष होंगे तथा महिला पर्यवेक्षिका, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सचिव, एएनएम तथा आंगनबाड़ी सेविका सदस्य के रूप में कार्य करेंगी।

प्रखंड स्तरीय समिति के अध्यक्ष प्रखंड प्रमुख होंगे, जबकि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सदस्य सचिव की भूमिका निभाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं सात मनोनीत सदस्य समिति में शामिल होंगे। बैठक में प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सभी मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे।






















Total Users : 1064757
Total views : 2861859