मतदाता सत्यापन और एसआईआर फॉर्म भरने का कार्य तेज, प्रशासन ने सहयोग की अपील की
हंटरगंज (चतरा)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत हंटरगंज प्रखंड के पाण्डेयपुरा सहित विभिन्न पंचायतों में मतदाता सत्यापन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं तथा एसआईआर फॉर्म भरवाने के साथ आवश्यक जानकारी और दस्तावेज एकत्र कर रहे हैं।
बीएलओ मतदाताओं को फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझा रहे हैं। साथ ही हाल ही में खिंचवाए गए पासपोर्ट साइज फोटो, आवश्यक दस्तावेजों तथा फॉर्म में दर्ज की जाने वाली जानकारी के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। जिन परिवारों को अब तक फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है अथवा किसी कारणवश उनकी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है, उनसे भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रशासन ने आम मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ के घर पहुंचने पर उन्हें पूरा सहयोग दें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा मांगे गए आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं। यदि किसी मतदाता के पास हाल ही का पासपोर्ट साइज फोटो नहीं है, तो वह शीघ्र फोटो खिंचवाकर फॉर्म के साथ जमा करें, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जा सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल गौरव कमान कच्छप ने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं का सत्यापन समय पर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा केवल बीएलओ द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर एसआईआर प्रक्रिया पूरी कर प्रत्येक नागरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।




















Total Users : 1061355
Total views : 2857213