शोकाकुल परिवार से मिलकर जताई संवेदना, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
मयूरहंड (चतरा)। मयूरहंड प्रखंड के महुगाई गांव में वज्रपात की घटना में दिवंगत हुई सरोज देवी के द्वादश कार्यक्रम में मंगलवार को सिमरिया के विधायक उज्ज्वल दास शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत के पति सत्यदेव सिंह एवं परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व महुगाई गांव निवासी सत्यदेव सिंह की धर्मपत्नी सरोज देवी की वज्रपात की चपेट में आने से असामयिक मृत्यु हो गई थी। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।
मंगलवार को आयोजित द्वादश कार्यक्रम में पहुंचे विधायक उज्ज्वल दास ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में वे और उनका पूरा परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं तथा हरसंभव सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

इस अवसर पर मयूरहंड मंडल अध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी (बंटी कुमार सिंह) सहित गांव के कई बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।




















Total Users : 1061364
Total views : 2857227