Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर होगी सख्त कार्रवाई, नियमित निरीक्षण के निर्देश

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

पीसी-पीएनडीटी समिति की बैठक में लिंगानुपात सुधार पर जोर, नए केंद्रों के आवेदनों की हुई समीक्षा

चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त सह जिला समुचित प्राधिकारी (पीसी-पीएनडीटी) रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति (पीसी-पीएनडीटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 (PC&PNDT Act) के प्रभावी क्रियान्वयन, जिले में लिंगानुपात की स्थिति तथा अल्ट्रासाउंड केंद्रों की निगरानी से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों पर प्रस्तुतीकरण के साथ हुई। इसके बाद जिले के लिंगानुपात, अधिनियम के तहत निबंधित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की स्थिति, पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन, नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के लिए प्राप्त आवेदनों तथा लाइसेंस नवीनीकरण संबंधी मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त रवि आनंद ने जिले में बिना लाइसेंस एवं अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीसी-पीएनडीटी अधिनियम का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी निबंधित अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित एवं साप्ताहिक निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिनियम के प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन हो सके।

बैठक में नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के लिए प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित मानकों एवं अधिनियम के प्रावधानों की पूरी जांच और सत्यापन के बाद ही लाइसेंस जारी किया जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के लिए 8 आवेदन, लाइसेंस नवीनीकरण के लिए 2 आवेदन तथा चिकित्सक परिवर्तन से संबंधित 4 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर समिति ने नियमानुसार विचार किया।

उपायुक्त ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सफल बनाने और जिले में संतुलित लिंगानुपात बनाए रखने के लिए पीसी-पीएनडीटी अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिन्हा, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) संगीता लूसी बाला एक्का, समिति के सदस्यगण, चिकित्सा पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment