लोहरदगा : यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची रेल मंडल ने रांची से लोहरदगा होकर डाल्टनगंज तक नई मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेजा है। रेलवे द्वारा बताया गया कि प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद यह मेमू ट्रेन अप-डाउन शटल पैटर्न पर संचालित होगी। ट्रेन शाम करीब 6:30 बजे रांची से डाल्टनगंज के लिए रवाना होगी और सुबह वापस रांची पहुंचेगी। इस नई सेवा से विशेष रूप से लोहरदगा सहित पूरे क्षेत्र के नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल यह प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय में अनुमोदन के लिए लंबित है। रांची रेल मंडल ने प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली हैं और 12 कोच वाले मेमू रेक की व्यवस्था भी कर ली है। इस ट्रेन में लगभग 1,000 यात्री बैठकर तथा करीब 2,500 यात्री खड़े होकर यात्रा कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार अगले महीने तक आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने और प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की संभावना है।
प्रस्तावित मेमू ट्रेन रांची से पिस्का, नगड़ी, टांगरबसली, लोहरदगा, टोरी जंक्शन, लातेहार, बरवाडीह होते हुए डाल्टनगंज तक चलेगी। इस नई रेल सेवा से लोहरदगा जिले को सबसे बड़ा लाभ मिलेगा। वर्तमान में यात्रियों को भीड़भाड़ और सीमित ट्रेनों के कारण काफी परेशानी होती है। नई मेमू ट्रेन शुरू होने के बाद लोहरदगा से रांची और डाल्टनगंज के बीच आवागमन अधिक आसान, सस्ता और नियमित होगा। इससे नौकरीपेशा लोगों को समय पर कार्यालय पहुंचने, छात्रों को शिक्षा संस्थानों तक आने-जाने तथा व्यापारियों को कारोबार के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही जिले की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।



















Total Users : 1058383
Total views : 2853005