शैक्षणिक विकास और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी पर हुई विस्तृत चर्चा
गिद्धौर (चतरा): प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय की वार्डेन रीना कुमारी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के शैक्षणिक विकास, नियमित उपस्थिति तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
बैठक के दौरान छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, पढ़ाई में निरंतर प्रगति, अनुशासन एवं विद्यालय के समग्र विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वार्डेन रीना कुमारी ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा उनकी पढ़ाई, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दें।
बैठक में अभिभावकों ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए तथा छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी सहमति जताई। इस अवसर पर शिक्षिका बिंदु पोद्दार, पिंकी कुमारी, मंजू कुमारी, विनय दांगी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।























Total Users : 1054273
Total views : 2847302