खैबा बंदारू व मेघालिथ स्थल का भी किया निरीक्षण, पर्यटन विकास की संभावनाएं परखी
चतरा: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को लावालौंग प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनके पठन-पाठन, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कक्षा 10वीं की छात्राओं के साथ विज्ञान विषय पर विशेष संवाद किया। उन्होंने विज्ञान की महत्वपूर्ण अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाते हुए छात्राओं को विशेष कक्षा भी दी। उन्होंने छात्राओं से जिज्ञासु एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर सफलता हासिल करने का आह्वान किया।
इसके बाद उपायुक्त ने विद्यालय के साइंस लैब, स्मार्ट क्लास, रसोईघर (किचन), चिल्ड्रेन पार्क, छात्रावास परिसर तथा अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं छात्राओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विद्यालय निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त रवि आनंद ने जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं के मद्देनजर खैबा बंदारू का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों एवं पर्यटन की संभावनाओं का आकलन किया। लौटने के क्रम में उन्होंने चतरा प्रखंड क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक मेघालिथ स्थल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों स्थलों के संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा पर्यटन की दृष्टि से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि इन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर बेहतर पहचान दिलाई जा सके।
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि शिक्षा और पर्यटन, दोनों ही जिले के समग्र विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। जिला प्रशासन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ जिले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बिपिन भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सह सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर शशिकांत कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
























Total Users : 1054263
Total views : 2847292