अजीबो-गरीब घटना, जांच में नहीं मिला विष का असर; डॉक्टर बोले- ऐसे जोखिम भरे कदम न उठाएं
कुंदा (चतरा): कुंदा थाना क्षेत्र के कुंदा गांव के बरवाडीह टोला से शनिवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां 46 वर्षीय बुधन भारती ने कथित रूप से गुस्से में आकर दो जिंदा सांप निगल लिए। बताया जाता है कि इसके बाद वह तीसरे सांप को भी खाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन परिजनों ने समय रहते हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीसरे सांप को न खा पाने पर बुधन का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने लाठी से उसे मार डाला। घटना के बाद परिजन तत्काल बुधन को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रतापपुर ले गए। साथ ही वे मरे हुए सांप को भी अस्पताल लेकर पहुंचे, जिसे देखकर चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी कुछ देर के लिए आश्चर्यचकित रह गए।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार संजीव ने बुधन की चिकित्सकीय जांच कर प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि सामान्यतः सांप विषैले हो सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में तत्काल चिकित्सकीय जांच आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में इस प्रकार का मामला पहली बार सामने आया है।
डॉ. संजीव के अनुसार जांच में बुधन के शरीर में किसी प्रकार के विष का प्रभाव नहीं पाया गया। हालांकि जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि उसने शराब का सेवन किया हुआ था। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
चिकित्सक ने लोगों से अपील की कि सांप के काटने अथवा किसी भी विषैले जीव के संपर्क में आने पर इस तरह के जोखिम भरे कदम न उठाएं। ऐसी स्थिति में बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराना चाहिए। झाड़-फूंक या स्वयं इलाज करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है।
ग्रामीणों का दावा है कि बुधन ने वास्तव में दो सांप निगले थे और उसके बाद शराब भी पी थी। इस अनोखी घटना के बाद पूरे कुंदा क्षेत्र में इसकी चर्चा बनी हुई है। हालांकि घटना को लेकर विभिन्न तरह की बातें कही जा रही हैं, लेकिन चिकित्सकों ने लोगों से ऐसी घटनाओं की नकल न करने और वैज्ञानिक सोच अपनाने की अपील की है।
























Total Users : 1054273
Total views : 2847302