मुख्य अतिथि ने फीता काटकर किया शुभारंभ, कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
चतरा। चतरा सदर प्रखंड की गांधारिया पंचायत अंतर्गत उंटा मोड़ स्थित रानी गणपति खाद-बीज भंडार का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चतरा जिला कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष सह कान्यकुब्ज ज्योतिषी ब्राह्मण समाज के जिला सचिव राजन पांडेय ने फीता काटकर प्रतिष्ठान का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राजन पांडेय ने कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी कृषि पर निर्भर है और किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं कृषि सामग्री आसानी से उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उंटा मोड़ में खाद-बीज भंडार खुलने से आसपास के किसानों को अब कृषि कार्यों के लिए खाद, बीज, कृषि उपकरण एवं अन्य आवश्यक सामग्री कम दूरी पर ही उपलब्ध हो सकेगी, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।
इस अवसर पर प्रतिष्ठान के संचालक जागेश्वर यादव ने बताया कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम में पिंटू कुमार, उमेश डांगी, सीताराम कुमार, अजय यादव सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय किसान उपस्थित थे।




















Total Users : 1174581
Total views : 3005173