लोहरदगा। शहर के मिशन चौक स्थित प्रस्तावित प्रभु श्रीराम दरबार के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर बुधवार को धार्मिक उल्लास के बीच शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ। श्री राम दरबार मंदिर न्यास समिति के तत्वावधान में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की शुरुआत विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, देवी-देवताओं के आह्वान और विधि-विधान से शिला पूजन के साथ हुई। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ भव्य नगर भ्रमण कर पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया।
नगर भ्रमण के बाद आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि आईआरएस अधिकारी निशा उरांव, रोहित उरांव एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण और भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। शिलान्यास कार्यक्रम की पूर्णाहुति के बाद महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, संध्या बेला में मंदिर परिसर में अलौकिक एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में दीपक, निशीथ, डॉ. शैलेश कुमार, गोपी कुंवर, मथुरा महतो, सुनील जायसवाल, प्रवीण जायसवाल, राजू महतो सहित मंदिर न्यास समिति के समस्त पदाधिकारी, सदस्य और हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे।
सनातन संस्कृति राष्ट्र को जोड़ने का काम करती है: निशा उरांव
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आईआरएस अधिकारी निशा उरांव ने कहा, “प्रभु श्रीराम का जीवन और उनके आदर्श पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सनातन संस्कृति हमेशा से समाज को एक सूत्र में पिरोने और राष्ट्र को जोड़ने का काम करती है। मिशन चौक पर बनने वाला यह भव्य श्रीराम दरबार न केवल इस क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को हमारे गौरवशाली मूल्यों और संस्कारों से भी परिचित कराएगा। ऐसे पुनीत कार्य में सहभागी बनना सौभाग्य की बात है।”
सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा मंदिर: पंकज जायसवाल
समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह मंदिर केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में यह सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। वहीं समिति के सचिव विनय अग्रवाल एवं मुख्य संरक्षक मनोज जायसवाल ने संयुक्त रूप से सभी नगरवासियों और श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण के इस महायज्ञ में बढ़-चढ़कर तन-मन-धन से सहयोग करने और सहभागी बनने की अपील की।


















Total Users : 1035313
Total views : 2820711