*15 से 26 जून तक जागरूकता रथों के जरिये चलेगा निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान*
=============
*लोहरदगा।*
राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी द्वारा समाहरणालय परिसर से विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 15 जून से 26 जून 2026 तक विशेष नशा मुक्ति जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान एलईडी प्रचार रथों के माध्यम से चलाया जाएगा। यह अभियान 15 से 26 जून 2026 तक सभी पंचायतों में चलेगा। प्रखंड कार्यालय परिसर व पंचायत भवन परिसर में लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध शपथ दिलायी जाएगी।
अभियान का उद्देश्य आमजनों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि नशापान एक गंभीर सामाजिक चुनौती है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति को प्रभावित करती है। नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक संकट की ओर धकेल देती है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान के तहत रवाना किए गए जागरूकता रथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं नगर क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
जागरूकता रथों के माध्यम से प्रचार-प्रसार सामग्री, ऑडियो संदेश, जनसंवाद एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों, स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों तथा नशामुक्त जीवन के लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, पीडी आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग व संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।






















Total Users : 1021958
Total views : 2802305