नदी के किनारे तड़प रहा था जंगली जानवर; दौड़ने निकले युवाओं की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाई जान; दर्जनों युवाओं ने निभाया मानवीय दायित्व
न्यूज स्केल लाइव
हंटरगंज (चतरा): चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गोसाईडीह गांव के ग्रामीण युवाओं ने मूक पशुओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मानवता की एक बहुत बड़ी और अनुकरणीय मिसाल पेश की है। इन जागरूक युवाओं ने अपनी तत्परता और सूझबूझ से कुत्तों के जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल एक जंगली नीलगाय का जीवन बचाया है। युवाओं की इस टोली ने न केवल घायल जानवर को सुरक्षित रेस्क्यू किया, बल्कि उसका प्राथमिक उपचार कर उसे एक नया जीवनदान भी दिया है।
नदी के किनारे कीचड़ में तड़प रहा था बेजुबान, दौड़ने निकले युवाओं की पड़ी नजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना गोसाईडीह बेलवाघाट के समीप बहने वाली नदी के किनारे की है। वहां एक दलदली कीचड़ वाले गड्ढे में जंगली रास्ते से भटककर आई एक नीलगाय को आवारा कुत्तों ने घेर लिया था। कुत्तों ने नीलगाय पर हिंसक हमला कर उसके मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों को बुरी तरह लहूलुहान कर दिया था। इस जानलेवा हमले के बाद घायल नीलगाय कीचड़ में फंसी हुई दर्द से तड़प रही थी।
सोमवार की सुबह गोसाईडीह गांव के युवाओं की टीम रोज की तरह जब बेलवाघाट मैदान में सेना व पुलिस बहाली की रनिंग (दौड़) के लिए पहुंची, तब उनकी नजर नदी के किनारे कीचड़ में छटपटाते बेजुबान जानवर पर पड़ी। युवाओं ने देखा कि कुत्तों के काटने के कारण नीलगाय पूरी तरह असहाय हो चुकी थी और हिलने-डुलने में भी असमर्थ थी।
कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार कर दोबारा सुरक्षित जंगल में छोड़ा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवाओं ने बिना एक पल गंवाए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। दलदली मिट्टी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाई आ रही थी, लेकिन युवाओं ने अपनी सूझबूझ और कड़े सामूहिक प्रयास से नीलगाय को कीचड़ के गहरे गड्ढे से सुरक्षित बाहर निकाला।
बाहर निकालने के बाद युवाओं ने सबसे पहले नीलगाय के घावों को साफ किया और स्थानीय स्तर पर उसका प्राथमिक उपचार (First Aid) किया। युवाओं की इस निस्वार्थ सेवा और देखभाल के बाद जब नीलगाय की स्थिति में सुधार हुआ और वह पूरी तरह स्वस्थ व सामान्य हो गई, तो उसे दोबारा सुरक्षित तरीके से घने जंगल की ओर छोड़ दिया गया, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में सामान्य और भयमुक्त जीवन जी सके।
हंटरगंज के गोसाईडीह में वन्यजीव संरक्षण और जीव दया की अलख जगाने वाले इस पुनीत कार्य में मुख्य रूप से: युवा साथी संदीप यादव, सजग धावक विश्वजीत कुमार, आयुष कुमार, पीयूष कुमार, भोलू कुमार, राजीव कुमार तथा मनीष कुमार समेत दर्जनों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण युवा और खेल क्लब के सदस्य मौजूद थे।
युवाओं के इस त्वरित और सराहनीय कार्य की हंटरगंज वन विभाग के अधिकारियों, स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों और प्रबुद्ध ग्रामीणों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि पर्यावरण संतुलन के लिए वन्यजीवों की रक्षा करना हम सभी का परम कर्तव्य है।




















Total Users : 1020759
Total views : 2800650