*जीमा डेयरी यूनिट में उत्पादन डेढ़ माह के अंदर प्रारंभ करें : संदीप कुमार मीना*
—————-
*उपायुक्त ने डेयरी प्रसंस्करण इकाई का किया निरीक्षण, दिए निर्देश*
===============
*लोहरदगा।*
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज कुडू प्रखंड के जीमा स्थित डेयरी यूनिट परियोजना का निरीक्षण कर वहां स्थापित दुग्ध प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग संयंत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डेयरी परियोजना से संबंधित अधिकारियों जिला गव्य विकास पदाधिकारी एवं डीपीएम जेएसएलपीएस को डेढ़ माह के भीतर उत्पादन कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने दूध प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग मशीनों की क्षमता, दुग्ध भंडारण व्यवस्था तथा उत्पादन प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
गव्य विकास पदाधिकारी ने बताया कि स्थापित मशीनों के माध्यम से प्रति घंटे लगभग एक हजार लीटर दूध की पैकेजिंग की जा सकती है। उपायुक्त ने घी, खोया एवं पनीर निर्माण मशीनों तथा उनकी पैकेजिंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
उपायुक्त ने वसा (फैट) मापने वाली मशीन सहित संपूर्ण तकनीकी सेटअप का निरीक्षण किया तथा उत्पादन शुरू करने में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान नाली निर्माण, जेनसेट एवं इन्वर्टर की व्यवस्था, प्रयोगशाला में प्लेटफॉर्म निर्माण, पृथक शौचालय, पैकेजिंग हेतु प्रिंटिंग मशीन, दही पैकेजिंग मशीन तथा बॉटलिंग पैकेजिंग से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने परियोजना के सफल संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की नियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रारंभिक चरण में प्रतिदिन 500 लीटर दूध के उत्पादन एवं प्रसंस्करण से कार्य शुरू किया जाए और धीरे-धीरे इसकी क्षमता बढ़ाई जाए।
कुछ गायों के लिए शेड निर्माण का कार्य अभी शेष है इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक आधारभूत संरचना शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) एवं डेयरी प्रबंधन से कहा कि सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए आगामी डेढ़ माह के भीतर डेयरी यूनिट को चालू किया जाए। उन्होंने वर्तमान दुग्ध उत्पादकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़े जाने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर गव्य विकास पदाधिकारी वशिष्ठ सिंह, डीपीएम जेएसएलपीएस संजय गुप्ता व परियोजना के सदस्य उपस्थित थे






















Total Users : 1017126
Total views : 2795701