969.50 रुपये के बजाय 1000 से 1010 रुपये वसूलने का दावा, रसीद नहीं देने की भी शिकायत
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी के नाम पर निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूली जा रही है। आरोप है कि गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मी प्रत्येक सिलेंडर पर 30 से 40 रुपये अतिरिक्त ले रहे हैं, जबकि इसकी कोई रसीद भी नहीं दी जाती।
स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार गैस बुकिंग के बाद अब एक-दो दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध हो जाता है, लेकिन डिलीवरी के दौरान अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। उपभोक्ताओं का दावा है कि जहां एक सिलेंडर की निर्धारित कीमत 969.50 रुपये है, वहीं डिलीवरी कर्मी 1000 से 1010 रुपये तक वसूल रहे हैं।
उपभोक्ता बेबी देवी ने आरोप लगाया कि हंटरगंज में एचपी गैस एजेंसी नहीं होने के कारण दूसरे प्रखंड की एजेंसी के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैस पहुंचाने के नाम पर अतिरिक्त राशि ली जाती है और भुगतान के बाद भी रसीद नहीं दी जाती। उनका दावा है कि उन्होंने ऑनलाइन भुगतान किया है, जिसका रिकॉर्ड उनके पास मौजूद है।
वहीं धनेश्वरी देवी ने आरोप लगाया कि प्रत्येक सिलेंडर पर 30 से 40 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिदिन 50 से 100 सिलेंडर की डिलीवरी होती है तो यह राशि हजारों रुपये प्रतिदिन और लाखों रुपये सालाना तक पहुंच सकती है। इसके बावजूद किसी प्रकार की जांच या कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायतों के बावजूद अतिरिक्त वसूली का सिलसिला जारी है। उनका आरोप है कि डिलीवरी के दौरान उपभोक्ताओं को रसीद नहीं दी जाती, जिससे वास्तविक भुगतान और निर्धारित दर को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रहती है।
मामले को लेकर उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में एजेंसी संचालक का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।




















Total Users : 999951
Total views : 2772382