ग्रामीणों का फूटा था आक्रोश; डीएसपी और सीओ की तत्परता से हटा जाम, फ्रिज से प्रतिबंधित अवशेष जब्त
न्यूज स्केल लाइव
इटखोरी (चतरा): चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बक्शा डैम में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष (तीन कटे सर) तैरते मिलने से रविवार को पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। हालांकि, जिला व स्थानीय प्रशासन की सूझबूझ और त्वरित एक्शन के कारण स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया। सड़क जाम होने के महज दो घंटे के भीतर ही पुलिस ने जाल बिछाकर घटना में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों को धर-दबोचा और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
डैम में अवशेष देख ग्रामीणों ने किया चतरा-इटखोरी मार्ग जाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माधोपुर निवासी ग्रामीण रणजीत रविदास ने रविवार को बक्शा डैम में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेषों को तैरता हुआ देखा। उन्होंने बिना समय गंवाए इसकी तुरंत सूचना इटखोरी थाना पुलिस को दी। इसी बीच यह बात क्षेत्र में फैल गई, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल नगवां पुल के समीप चतरा-इटखोरी मुख्य पथ को पूरी तरह जाम कर दिया और आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
अधिकारियों की तत्परता से हटा जाम, दो घंटे में दबोचे गए आरोपी
मामले की संवेदनशीलता और जाम की सूचना पाते ही डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह, अंचल अधिकारी (CO) सविता सिंह और इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह दलबल के साथ तुरंत जाम स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया और काफी मशक्कत व सूझबूझ के बाद जाम को शांतिपूर्ण ढंग से हटवाया। जाम हटने के महज दो घंटे के भीतर ही डीएसपी एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने पृथ्वीपुर गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:
मोहम्मद इस्लाम (निवासी- पृथ्वीपुर, इटखोरी)
मोहम्मद इकराम (निवासी- पृथ्वीपुर, इटखोरी)
आरोपियों ने कबूला जुर्म, फ्रिज समेत प्रतिबंधित मांस जब्त
पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने प्रतिबंधित पशु से जुड़ा कृत्य किया था, लेकिन जब इसकी भनक गांव में फैलने लगी, तो वे डर गए और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से कटे हुए हिस्सों को डैम में फेंक दिया।
पुलिस ने जब आरोपियों के घर की सघन तलाशी ली, तो वहां फ्रिज के भीतर से भी भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मांस को फ्रिज सहित विधिवत जब्त कर लिया है।
कांड संख्या 70/2026 दर्ज, भेजे गए जेल
इस पूरे मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए इटखोरी पुलिस ने कांड संख्या 70/2026 दर्ज किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 299, 3(5) एवं गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस संवेदनशील माहौल को शांत कराने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में भाजपा जिला महामंत्री डॉ. मृत्युंजय सिंह, टोना टांड़ मुखिया बद्री यादव, प्रमोद कुमार यादव, रणजीत रविदास समेत भारी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और ग्रामीणों ने सराहनीय व सकारात्मक भूमिका निभाई। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रण में है।




















Total Users : 997225
Total views : 2768935