46 किसानों ने पेश किए आम के बेहतरीन सैंपल, खरीदारी के लिए पहुंचे 10 बड़े व्यापारी; एफपीओ (FPO) के जरिए पारदर्शी खरीद और उचित मूल्य पर बनी सहमति
न्यूज स्केल लाइव ब्यूरो
चतरा: उपायुक्त (DC) रवि आनंद के निर्देशानुसार चतरा जिले में आम बागवानी से जुड़े किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनके उत्पादों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक शानदार पहल की गई है। विकास भवन स्थित सभागार में ‘आम क्रेता एवं विक्रेता संवाद’ (Mango Buyer-Seller Meet) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता डीआरडीए (DRDA) निदेशक श्रीमती अलका कुमारी ने की।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के सुदूर क्षेत्रों के आम उत्पादक किसानों को बिचौलियों से बचाकर सीधे बाजार से जोड़ना, विपणन (Marketing) की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों का न्यायोचित मूल्य सुनिश्चित करना था।
चतरा के आमों की खुली मंडी: 46 बागवान और 10 बड़े खरीदार जुटे
इस संवाद कार्यक्रम में जिले के साथ-साथ राज्य के अन्य हिस्सों से भी कुल 10 बड़े क्रेता (व्यापारी) पहुंचे। वहीं, चतरा जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 46 आम बागवानी लाभुक किसान अपने-अपने बागानों में उपजाए गए आम के बेहतरीन नमूनों (सैम्पल) के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। सभागार में सजे आम के सैंपलों की गुणवत्ता को व्यापारियों ने बेहद सराहा।
क्वालिटी के आधार पर रेट और FPO के जरिए ट्रेडिंग पर बनी सहमति
संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों और किसानों के बीच व्यापार को सुगम बनाने के लिए हर पहलू पर विस्तृत चर्चा हुई:
व्यापारियों के सुझाव: विभिन्न क्रेताओं ने आम की थोक खरीद, उसकी ग्रेडिंग, पैकेजिंग, सुरक्षित परिवहन एवं आधुनिक विपणन संबंधी अपने अनुभव व विचार साझा किए।
किसानों की अपेक्षाएं: किसानों ने भी अपनी मेहनत, लागत, बाजार की उपलब्धता तथा मूल्य निर्धारण से जुड़ी अपनी उम्मीदों को प्रमुखता से रखा।
महत्वपूर्ण फैसले: बैठक में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि आम की खरीद उसकी गुणवत्ता (Quality) के आधार पर की जाएगी तथा उसी अनुरूप मूल्य निर्धारित किया जाएगा। साथ ही, क्रेताओं एवं विक्रेताओं ने किसान उत्पादक संगठन (FPO) के माध्यम से आम की खरीद-बिक्री को बढ़ावा देने पर रजामंदी व्यक्त की। इससे किसानों को संगठित बाजार मिलने के साथ-साथ पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
किसानों की आय बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता: डीआरडीए निदेशक
उपस्थित किसानों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी ने कहा कि कृषि एवं बागवानी उत्पादों के लिए स्थानीय स्तर पर ही बाजार और खरीदार उपलब्ध कराना चतरा जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा: “ऐसे सीधे संवाद कार्यक्रम किसानों और बड़े बाजार के बीच के अंतर (गैप) को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होती है और किसानों की आय में सीधे तौर पर वृद्धि होती है।”
कार्यक्रम में ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस सफल और महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में मुख्य रूप से जेएसएलपीएस के डीपीएम (DPM-JSLPS) गौरव कुमार जायसवाल, डीएम-एलएच राजेश कुमार राम, ‘फार्म टू प्लेट’ संस्था से आकाश कुमार, एपीओ प्रदीप कुमार, एएसओ सूरज कुमार सहित प्रादान (PRADAN) टीम के सदस्य, जिले के सभी प्रखंडों के बीपीएम, बीपीओ, एफटीसी, सीसी एवं सखी मंडल की दीदियां बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।





















Total Users : 996019
Total views : 2767171