एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापामारी; सीओ और थाना प्रभारी भी टीम में थे शामिल
न्यूज स्केल लाइव
सिमरिया (चतरा): चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सिमरिया, नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गोठाई जंगल से 1 किलो 113 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो शातिर अंतरजिला तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। हालांकि, इनका एक अन्य साथी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। उपरोक्त जानकारी सिमरिया एसडीपीओ ने अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों को दी।
बगरा-लावालौंग रोड के पास अफीम सौदे की मिली थी सूचना
एसडीपीओ ने बताया कि 29 मई 2026 की शाम को चतरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोठाई गांव के पास बगरा-लावालौंग मुख्य मार्ग के किनारे जंगल में कुछ तस्कर अफीम की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री के लिए जुटने वाले हैं। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जब पुलिस टीम सशस्त्र बलों के साथ गोठाई जंगल के पास पहुंची, तो पुलिस के वाहन को देखकर वहां मौजूद तस्करों में हड़कंप मच गया और वे जंगल की ओर भागने लगे।
घेराबंदी कर दबोचे गए दो तस्कर, तलाशी में मिली अफीम
भाग रहे तस्करों को देख मुस्तैद जवानों ने चारों तरफ से घेराबंदी की और खदेड़कर दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान इस प्रकार हुई है: राजू गंझू (ग्राम- जलमा, थाना- लावालौंग, जिला- चतरा) रामदेव गंझू (ग्राम- जलमा, थाना- लावालौंग, जिला- चतरा)
वही, इनका तीसरा साथी सरफराज खान (थाना- लावालौंग) मौके से भाग निकला, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पकड़े गए आरोपी राजू गंझू की जब विधिवत तलाशी ली गई, तो उसकी कमर में बंधे एक प्लास्टिक के थैले से 1.113 किलोग्राम अवैध गीला अफीम बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने तस्करों के पास से ओप्पो कंपनी के दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
थाना कांड संख्या 99/2026 दर्ज, भेजे गए जेल
सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस संबंध में सिमरिया थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 99/2026 दर्ज कर लिया गया है तथा दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस सफल छापामारी टीम में मुख्य रूप से सिमरिया अंचल अधिकारी (CO) गौरव कुमार राय, सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





















Total Users : 996019
Total views : 2767171