नदी से बालू लेकर लौट रहा था बिना नंबर का ट्रैक्टर, मलबे में दबने से किशोर ने मौके पर ही तोड़ा दम; जांच में जुटी पुलिस
न्यूज स्केल लाइव, चतरा
चतरा: जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आ रही है, जहाँ अमानत नदी से बालू लादकर लौट रहा एक बिना नंबर का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर के इंजन और ट्रॉली के मलबे के नीचे दब जाने के कारण एक किशोर की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। वहीं, वाहन पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हेडुम गांव के समीप हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा लावालौंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हेडुम गांव के समीप घटित हुआ। बताया जा रहा है कि अमानत नदी के घाट से बालू का उठाव कर एक बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का ट्रैक्टर मुख्य मार्ग की ओर आ रहा था। इसी दौरान जैसे ही वाहन हेडुम गांव के पास पहुंचा, चालक ने अचानक गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया। संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रैक्टर बीच सड़क पर ही पलट गया।
घटनास्थल पर ही तोड़ा दम, दो हजारीबाग रेफर
इस भीषण हादसे में स्थानीय निवासी तुलसी गंझू के पुत्र आंनूष (अनुष) की ट्रैक्टर के नीचे दब जाने के कारण घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हुए दो अन्य स्थानीय लोगों को ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद, दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग अस्पताल भेज दिया गया है।
जांच और कार्रवाई में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए लावालौंग थाना प्रभारी विधायक प्रसाद सदव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से किशोर के शव को मलबे से बाहर निकाला गया और पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने आगे बताया कि पीड़ित परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त बिना नंबर वाले इस ट्रैक्टर के चेचिस और इंजन नंबर के आधार पर उसके असली मालिक की पहचान करने की कवायद तेज कर दी गई है।






















Total Users : 994072
Total views : 2764581