गांव की खौफनाक वारदात; रिनपास (RINPAS) से चल रहा था आरोपी का इलाज, पुलिस ने किया गिरफ्तार
लोहरदगा-भंडरा | न्यूज स्केल लाइव
लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनामुन्जी गांव की जामुन टोली में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है। यहाँ एक कलयुगी बेटे और पति ने मामूली घरेलू विवाद में वहशीपन की सारी हदें पार करते हुए अपनी वृद्ध मां और पत्नी की सब्बल (लोहे की रॉड) से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और ग्रामीण स्तब्ध हैं।
घर लौटते ही छिड़ा विवाद, फिर बरसने लगा मौत का तांडव
मृतकों की पहचान जामुन टोली निवासी 75 वर्षीय रूपी उरांव (मां) और उनकी बहू 32 वर्षीय सुमरी उरांव (पत्नी) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार को घर के सभी सदस्य पास के बगीचे में आम तोड़ने गए हुए थे। शाम करीब 5 बजे जब आरोपी मड़वा उरांव घर लौटा, तो किसी बात को लेकर उसका अपनी मां और पत्नी से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मड़वा ने आपा खो दिया और घर में रखे भारी-भरकम सब्बल से दोनों महिलाओं पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण दोनों तड़प उठीं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
कांके रिनपास से चल रहा था मानसिक रोग का इलाज
स्थानीय ग्रामीणों ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी मड़वा उरांव पिछले एक साल से रांची के कांके स्थित रिनपास (RINPAS) से मानसिक रोग का इलाज करा रहा था। वह अक्सर अत्यधिक गुस्से में रहता था। परिजनों ने बताया कि घटना से ठीक एक सप्ताह पहले ही मड़वा के भतीजे एतवा उरांव की आकस्मिक मौत हो गई थी। इस दुखद हादसे के बाद से उसकी मानसिक स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई थी और वह लगातार गहरे तनाव में रह रहा था।
ट्यूशन गई थी बेटी, उजड़ गया मासूमों का संसार
मृतका सुमरी उरांव के दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे हैं। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त दोनों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी बेटी पास में ही ट्यूशन पढ़ने गई हुई थी। जब बच्चे घर लौटे तो माँ और दादी की खून से लथपथ लाशें देखकर चीख पड़े। इन मासूमों के सिर से हमेशा के लिए माँ और दादी का साया उठ गया है, जिससे पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस
दोहरे हत्याकांड की भीषण सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया है। साथ ही त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति मड़वा उरांव को हिरासत में ले लिया गया है।
“प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर मामला घरेलू कलह और मानसिक अस्वस्थता (मानसिक बीमारी) से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हत्या में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर लिया गया है और पुलिस हर संभावित बिंदु पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है।” — थाना प्रभारी, भंडरा




















Total Users : 966659
Total views : 2728102