मंदिर के पास छापेमारी, युवक नशे और मशीन के साथ गिरफ्तार
लोहरदगा ब्यूरो । जिला पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लोहरदगा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार, 28 मार्च 2026 की शाम मैना बगीचा स्थित शनि मंदिर के समीप की गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि आर्यन भगत नामक युवक उक्त स्थान पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व थाना प्रभारी पु0नि0 रत्नेश मोहन ठाकुर कर रहे थे। टीम में अंचलाधिकारी भी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। आरोपी भागकर अपने घर में छिप गया, जहां घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान 22 वर्षीय आर्यन भगत, पिता स्वर्गीय लालचंद भगत के रूप में हुई। अंचलाधिकारी की मौजूदगी में जब आरोपी के कमरे की विधिवत तलाशी ली गई, तो पलंग पर बिछी चादर के नीचे से लगभग 04 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (ठोस टुकड़े एवं एल्युमिनियम फॉयल में) तथा एक सिल्वर रंग की इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की गई, जिसका उपयोग नशीले पदार्थों को तौलने में किया जा रहा था।
आरोपी ने पूछताछ में बरामद पदार्थ को प्रतिबंधित ब्राउन शुगर स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध लोहरदगा थाना कांड संख्या-58/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 17(a), 21(a), 22(a) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, पु0अ0नि0 रवि रंजन कुमार, पुअनि पप्पू कुमार, सअनि चन्द्रदीप मेहता सहित लोहरदगा थाना के सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






















Total Users : 871832
Total views : 2597088