एंबुलेंस तक नहीं पहुंचती-ग्रामीणों ने आंदोलन की दी चेतावनी
चतरा (हंटरगंज)। हंटरगंज प्रखंड के गेजना पंचायत अंतर्गत इमली टोला और समधनजोत गांव में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। करमा मुख्य मार्ग से क्लोई नदी तक करीब 3 किलोमीटर लंबी यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे लगभग 50 घरों और करीब 300 की आबादी वाले पांच टोलों के लोग गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों प्रदीप कुमार, अजय कुमार, सूरज यादव, गौतम कुमार, बंगाली यादव, रौशन भारती, सतेंद्र भुइयां, शोभा देवी, मालती देवी, गीता देवी सहित अन्य ने बताया कि इस सड़क का निर्माण लगभग 20 वर्ष पूर्व मिट्टी-मोरम से कराया गया था। इसके बाद आज तक न तो इसकी मरम्मत की गई और न ही पक्की सड़क बनाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आपात स्थिति में बड़ी समस्या उत्पन्न हो जाती है। प्रसव पीड़ा या गंभीर बीमारी की हालत में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। इसके अलावा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूल की भी सुविधा नहीं है, जिससे बच्चों की शिक्षा और पोषण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार विधायक और सांसद से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे लोगों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में गेजना पंचायत के मुखिया पति प्रभु भारती ने बताया कि पंचायत के पास पर्याप्त राशि नहीं है कि इस सड़क का निर्माण कराया जा सके। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कई बार जिला प्रशासन, उपायुक्त, सांसद और विधायक के समक्ष रखा गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक बार फिर संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।





















Total Users : 857523
Total views : 2576913