Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

चलती बस में लग गई आग, 20 जिंदा जले, तीन दर्जन से अधिक घायल, आग लगने के बाद भी बस राजमार्ग पर दौड़ती रही, डीएनए जांच से होगी मृतकों की पहचान

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

मंगलवार दोपहर राजस्थान के जैसलमेर में जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर एक चलती निजी एसी स्लीपर बस में शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिसमें 20 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि तीन दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में दो बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। लगभग 70 प्रतिशत झुलसे 16 लोगों को जोधपुर के मथुरादास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार जैसलमेर के जवाहर अस्पताल में किया जा रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जैसलमेर से जोधपुर जा रही बस में कुल 57 लोग सवार थे। पोकरण विधायक प्रताप पुरी ने हादसे में 20 मौतों की पुष्टि की है। कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि आठ मृतकों की पहचान हो गई है। सभी राजस्थान के रहने वाले थे। जिनमें जोधपुर निवासी महेंद्र मेघवाल, उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। बाकी की पहचान में समय लग सकता है। उनकी पहचान डीएनए मिलान से की जाएगी। वहीं कलेक्टर ने मृतकों के स्वजनों से अपने डीएनए सैंपल देने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार बस में पटाखे ले जाए जा रहे थे। इसके पिछले हिस्से में शार्ट सर्किट से चिंगारी निकली, जो पटाखों तक पहुंच गई और आग फैल गई। आग लगने के बाद भी बस राजमार्ग पर दौड़ती रही। आग बस चालक तक पहुंचती, इसके पहले ही वह बस रोककर अपनी सीट से कूद गया। आग बुझाने के प्रयास में आसपास के ग्रामीणों ने पानी डालने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए।

सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया। जिस थईयात गांव के पास हादसा हुआ, वह सेना के वार म्यूजियम के नजदीक ही है। सेना के जवान भी मौके पर पहुंचे और घायलों व शवों को बाहर निकालने में मदद की। एक चश्मदीद कस्तूर सिंह के मुताबिक आग लगने से बस का गेट लॉक हो गया था। सेना के जवानों ने जेसीबी से दरवाजा तोड़कर हादसे के शिकार लोगों को निकाला। उन्होंने करीब 30 लोगों की मौत की आशंका जताई है।

वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत देर शाम विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही सीएम और मंत्री जोधपुर अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली। घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भी दुख जताया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर जताया दुख

जैसलमेर बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। एक्स पर संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम रिश्तेदार को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment