झारखंड चुनाव में निर्णायक भूमिका में होगी महिला वोटर, राज्य के 32 से अधिक विधानसभा सीटों पर रहेगी इनकी धाक

newsscale
4 Min Read

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की तैयारी जोर शोर से हो रही है। सियासी दल अपनी पूरी ताकत से ज्यादा से ज्यादा वोटरों को लुभाने में लगे हैं। लेकिन इस बार झारखंड विधानसभा चुनाव में महिला वोटरों की भूमिका खास होने वाली है। बतौर प्रत्याशी और वोटरों के रूप में। झारखंड की मतदाता सूची में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक है। ऐसे में उनकी भूमिका भी अधिक और निर्णायक होने वाली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की सीट सहित 32 विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं के मत निर्णायक हो सकते हैं। मतदाता सूची के मुताबिक झारखंड में करीब 2.60 करोड़ मतदाता हैं। इनमे से 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता है और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। जिसमें 11 लाख 84 हजार मतदाता पहली बार मतदान करेंगे और 1.13 लाख विकलांग और थर्ड जेंडर व वरिष्ठ नागरिक मतदान करेंगे।

महिला वोटरों की संख्या सीएम और पूर्व सीएम के विधानसभा क्षेत्र में अधिक

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 2.25 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 1.15 लाख महिलाएं और 1.09 लाख पुरुष मतदाता हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी उम्मीदवार चंपाई सोरेन सरायकेला सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में 3.69 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1.83 लाख पुरुष और 1.85 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।

महिला वोटरों की संख्या 32 विधानसभा क्षेत्रों में अधिक

झारखंड के 32 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जिसमें पुरुषों की तुलना में महिला वोटरों की संख्या अधिक है। इनमें 26 सीट अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित हैं। बरहेट और सरायकेला उन 32 विधानसभा सीट में शामिल है, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। झारखंड में कुल 81 निर्वाचन क्षेत्रों में से 28 सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं 9 अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित और बाकी सामान्य श्रेणी की सीट हैं। ज्ञात हो कि झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा। 13 नवंबर को पहले चरण की व 20 नवंबर को दूसरे चरणों की मतदान होगी। जबकी मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

राजनीतिक दल भी महिला मतदाताओं को लुभाने की कर रहे हैं कोशिश

राजनीतिक दल झारखंड में महिला मतदाताओं को लुभाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए बीजेपी ने प्रदेश सरकार की मंईयां सम्मान योजना के मुकाबले गोगो दीदी योजना शुरू की है। मंईंयां सम्मान योजना के तहत राज्य की 50 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 1,000 रुपये प्रतिमाह जमा किए जाते हैं। वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो दिसंबर से यह राशि बढ़ाकर 2,500 रुपये मासिक कर दी जाएगी। दूसरी ओर, भाजपा ने अपने पहले घोषणा पत्र में झारखंड में सरकार बनने पर महिलाओं के खातों में 2,100 रुपये प्रति माह देने का वादा किया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *