- लोहरदगा। एमबी डीएवी विद्यालय, लोहरदगा में माननीय प्राचार्य श्री जी पी झा के नेतृत्व व निर्देशन में सीबीएसई द्वारा निर्देशित भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता लाने हेतु वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया। जिसमें कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थी ऋग्वेद सदन से आकृति पंकज व अनम फिरदौस, सामवेद सदन से जागृति मित्तल व निर्वाण कुमार यजुर्वेद सदन से पिंकी कुमारी व अंकित राज तथा अथर्ववेद सदन से स्नेहा देवघरिया व शिव उरांव प्रतिभागी बने। इस प्रतियोगिता में अथर्ववेद सदन की प्रतिभागी स्नेहा देवघरिया व शिव उरांव ने प्रथम स्थान अर्जित किया तथा आकृति पंकज व अनम फिरदौस ने द्वितीय स्थान अर्जित किया। स्नेहा देवघरिया को श्रेष्ठ वक्ता हेतु भी पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में रोजर बिनी सिन्हा ,पंकज कुमार सिन्हा व पल्लवी कुमारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समाज व्यक्तियों से ही मिलकर बनता है व्यक्ति समाज की इकाई होने के नाते अपने दृढ़ संकल्प से परिवर्तन अवश्य ला सकता है।जब कोई व्यक्ति न्याय व्यवस्था के मान्य नियमों के विरूद्ध जाकर अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए गलत आचरण करने लगता है तो वह व्यक्ति भ्रष्टाचारी कहलाता है। कई बार व्यक्ति समाज के कुछ लोभी व भ्रष्टाचारी व्यक्तियों से परेशान होकर स्वयं भ्रष्टाचारी बन जाता है किंतु ऐसे में व्यक्ति को परेशानियों से ना घबराते हुए धैर्य और साहस के साथ दृढ़ प्रतिज्ञ होकर सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए क्योंकि अंततः विजय तथा सुख सत्य के मार्ग पर चलने से ही प्राप्त होता है। इसलिए समाज की इकाई होने के नाते यदि व्यक्ति स्वयं में परिवर्तन लाएगा तो ही समाज का रूप बदलेगा और इसी में सभी मानव जाति का कल्याण है। विद्यार्थियों में इसी शिक्षा का संचार करने हेतु शिक्षक शिवम कुमार द्वारा कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों से एकलव्य नाटक का मंचन भी करवाया गया। मौके पर माननीय प्राचार्य महोदय ने विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता लाने हेतु एकलव्य के जीवन का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को श्रद्धा, विश्वास, लगन, परिश्रम व सतत अभ्यास करते हुए अपने सुलक्ष्य की ओर बढ़ते रहने तथा समाज का अंग बनकर दृढ़ प्रतिज्ञ होकर समाज से भ्रष्टाचार को समाप्त करने की प्रेरणा दी।