झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ का आह्वान; रांची प्रेस क्लब के सदस्य भी शामिल; पुलिस पर बर्बरता का आरोप, सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग; NHRC ने भी लिया संज्ञान
रांची (झारखंड)। पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ सिमडेगा पुलिस की कथित एकतरफा कार्रवाई और हिरासत में बर्बरता के विरोध में रविवार को रांची के फिरायालाल चौक पर पत्रकारों का बड़ा प्रदर्शन हुआ। झारखंड आंचलिक पत्रकार संघ के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में रांची प्रेस क्लब के सदस्य भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अभिषेक की तत्काल रिहाई और उन्हें त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही पुलिस की कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के खिलाफ सरकार से अविलंब संज्ञान लेने की बात कही गई ।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां लेकर अभिषेक भारती के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अभिषेक के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया है, वह चिंताजनक है। एक पत्रकार को अपराधी की तरह पेश करना और उसके खिलाफ लगातार कार्रवाई करना कई सवाल खड़े करता है ।
प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने कहा कि यदि किसी पत्रकार के काम से किसी को आपत्ति है, तो उसका समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, न कि कथित तौर पर मारपीट और दबाव के जरिए ।
बता दें कि अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस ने 25 नवंबर को जमशेदपुर से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग बच्ची द्वारा दुष्कर्म के आरोप की खबर दिखाई थी, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई ।
इस मामले में लड़की के परिजनों की ओर से एक काउंटर एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, जिसमें अभिषेक भारती पर नाबालिग को अगवा करने और विधायक के खिलाफ झूठा बयान देने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, पत्रकार संगठनों का कहना है कि यह पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है।
NHRC और भाजयुमो ने भी खोला मोर्चा
इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए झारखंड सरकार के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को नोटिस जारी किया है और दो हफ्ते के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने भी अभिषेक भारती की रिहाई की मांग को लेकर रांची, जमशेदपुर और गिरिडीह सहित विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है ।



















Total Users : 1285142
Total views : 3162002