मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर में तीन करोड़ 26 लाख 80 हजार रुपये की राशि वितरित, हजारों लाभुक हुए लाभान्वित
लोहरदगा। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में रविवार को सदर प्रखंड परिसर स्थित नए टाउन हॉल में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में लोगों को कानूनी अधिकारों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विभिन्न योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों एवं सहायता राशि का वितरण किया गया।
शिविर का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा, उपायुक्त सह डालसा उपाध्यक्ष संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सह डालसा सदस्य सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी राज महेश्वरम एवं जिला अधिवक्ता संघ के सचिव लाल दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने अतिथियों को पौधा भेंटकर सम्मानित किया।
मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा ने कहा कि मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर के दो प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और दूसरा, समाज के हित में बनाए गए कानूनों एवं नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। इसलिए जिन लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल चुका है, वे इसकी जानकारी जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बीमारी होने पर चिकित्सीय उपचार उपलब्ध है, उसी प्रकार अधिकारों का हनन होने पर विधिक उपचार की व्यवस्था भी है। उन्होंने मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम के प्रावधानों और दुर्घटना पीड़ित परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी दी। साथ ही 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि संविधान में सभी नागरिकों को समानता एवं कानून का संरक्षण प्राप्त है, लेकिन अशिक्षा और जागरूकता की कमी के कारण लोग अपने अधिकारों का पूरा लाभ नहीं उठा पाते हैं। नालसा, सालसा और डालसा ऐसी संस्थाएं हैं, जहां कार्यपालिका और न्यायपालिका मिलकर आम नागरिकों तक न्याय पहुंचाने का कार्य करती हैं। डालसा आम नागरिकों और न्यायपालिका के बीच सेतु का काम करती है। उन्होंने विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने महिला थाना में पारिवारिक विवादों के मामलों पर कहा कि प्रत्येक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराना जरूरी नहीं है। महिला थाना में पहले काउंसलिंग की व्यवस्था है। आपसी मतभेद और पारिवारिक विवादों का समाधान बातचीत एवं काउंसलिंग के माध्यम से भी किया जा सकता है।
तीन करोड़ से अधिक की राशि का वितरण
शिविर के दौरान जेएसएलपीएस के माध्यम से 736 महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच कुल 3 करोड़ 26 लाख 80 हजार रुपये की राशि वितरित की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, गोदभराई, अन्नप्राशन, दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरण, फसल बीज वितरण, मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, अबुआ आवास, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला सम्मान पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लाभुकों को दिया गया। इसके अलावा जरूरतमंदों के बीच कंबल, धोती-साड़ी तथा बच्चों के बीच स्कूल बैग का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के अंत में डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि कानूनी सहायता एवं जानकारी के लिए डालसा के पीएलवी से संपर्क किया जा सकता है अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय पहुंचकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
मौके पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी तथा बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।























Total Users : 1285046
Total views : 3161874