अबुआ आवास योजना, विद्यालय-छात्रावास भवन, अग्नि सुरक्षा और पेयजल की ली गई जानकारी; गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर ध्यान देने के निर्देश
चतरा। झारखंड विधानसभा की आवास समिति के सभापति दशरथ गागराई रविवार को चतरा पहुंचे। चतरा परिसदन आगमन पर उपायुक्त रवि आनंद और अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद परिसदन के सभाकक्ष में सभापति की उपस्थिति में अपर समाहर्ता और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के सरकारी भवनों और आवासों की वर्तमान स्थिति, निर्माण एवं मरम्मत कार्यों तथा आवासीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विगत तीन वर्षों में कराए गए मरम्मत कार्य, नए भवनों के निर्माण और मरम्मत की आवश्यकता तथा निर्माण कार्यों में अग्नि सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जानकारी ली गई। इसके अलावा सरकारी भवनों में पेयजल की उपलब्धता और गुणवत्ता, सौर ऊर्जा से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था, सरकारी गोदामों की स्थिति और सुरक्षा तथा कार्यालयों में शौचालयों की उपलब्धता और नियमित साफ-सफाई की समीक्षा की गई।
शिक्षा विभाग के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों और छात्रावासों की वर्तमान स्थिति, पिछले तीन वर्षों में हुए मरम्मत कार्य तथा नए विद्यालय भवनों और छात्रावासों के निर्माण के प्रस्तावों की जानकारी ली गई। वहीं अबुआ आवास योजना के तहत चयनित लाभुकों और आवास निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
सभापति ने संबंधित पदाधिकारियों से विभागवार कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और सरकारी भवनों व आवासों के उचित रखरखाव, आवश्यक मरम्मत, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
बैठक में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (चतरा) सन्नी वर्धन, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, कार्यालय प्रधान एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




















Total Users : 1285060
Total views : 3161889