पुलिस ने गुप्त सूचना पर शहीद चौक से पकड़ा वाहन; आगे की कार्रवाई के लिए मामला जिला खनन पदाधिकारी को भेजा गया, लगातार अभियान चलाने के संकेत
टंडवा (चतरा)। टंडवा पुलिस ने शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर शहीद चौक पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान एक बालू लदे ट्रेलर (यूपी 63 एटी 4680) को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि दस्तावेजों की जांच के दौरान चालक ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया और किसी अन्य वाहन का कांटा स्लिप व चालान दिखाया। इस पर शक होने के कारण वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद चालान की कॉपी भेजी गई, जिसके अनुसार उक्त वाहन 27 नवंबर को रात 9:50 बजे डिस्पैच के लिए निकला था और चालान की वैधता 28 नवंबर को सुबह 3:53 बजे तक थी। यानी करीब छह घंटे का पर्याप्त समय होने के बावजूद वाहन किस कारण समय पर नहीं पहुंच सका, इसका समुचित तथ्य उपलब्ध नहीं कराया गया। चालान में बालू आम्रपाली परियोजना में कार्य करने वाली रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन (आरकेएस) के नाम से अंकित था। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को जानकारी भेजी गई है। थाना प्रभारी ने आगे भी लगातार अभियान चलाने के संकेत दिए हैं।
वहीं, सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आ रही है कि कुछ कारोबारी एक ही चालान के जरिए कई बार बालू खपाकर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आरकेएस कंपनी के विरुद्ध अवैध भंडारण को लेकर पहले भी बड़ी कार्रवाई हो चुकी है।

















Total Users : 1283442
Total views : 3159790