सब्जी खरीदकर लौट रहे जमील अख्तर को वाहन ने कुचला; पहचान न होने पर शव भेजा गया चतरा, ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित सिमरिया-बगरा रोड पर शुक्रवार की रात एक अनियंत्रित कोयला लदे वाहन की चपेट में आने से 35 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर जमील अख्तर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक इटखोरी थाना क्षेत्र के धनखेरी गांव निवासी जमालुद्दीन का पुत्र था और सिमरिया में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मजदूर को रेफरल अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तत्काल पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर मकान मालिक ने तलाश शुरू की, तब जाकर मृतक की शिनाख्त हो सकी।
जानकारी के अनुसार, जमील शुक्रवार की शाम डेरे से सब्जी खरीदने सिमरिया चौक आया था। सामान लेकर पैदल लौटते समय बगरा रोड पर तेज रफ्तार कोयला वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि गुरुवार की रात सुभाष चौक पर एक ट्रक और ट्रेलर की टक्कर हुई थी। क्षतिग्रस्त ट्रक पूरे दिन चौक पर ही खड़ा रहा और आवागमन बाधित होता रहा। आरोप है कि पुलिस ने दिन भर वाहन नहीं हटवाया और शाम को नो-एंट्री खुलने के बाद हटाने की प्रक्रिया शुरू की, जिससे चौक पर भारी जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ओवरटेकिंग और अनियंत्रित परिचालन के कारण यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिमरिया में कोयला वाहनों की चपेट में आकर अब तक दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन यातायात नियंत्रण के ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। उनका आरोप है कि चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था न होने से चालक बेखौफ ओवरटेक करते हैं और गश्ती दल महज औपचारिकता निभाता है।
आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


















Total Users : 1283444
Total views : 3159792