करीब एक वर्ष से चल रहा कथित कारोबार; नदी से बालू उठाने पर धमकी देने का आरोप, ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
चतरा। लावालौंग थाना क्षेत्र के मंगरदाहा नदी के समीप करीब 500 मीटर की दूरी पर बड़े पैमाने पर बालू के अवैध भंडारण और उसकी बिक्री का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि स्थानीय बालू माफिया भारी मात्रा में बालू डंप कर खुलेआम खरीद-बिक्री का कारोबार चला रहे हैं। सूत्रों के अनुसार यह धंधा पिछले करीब एक वर्ष से लगातार जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों और लाभुकों का कहना है कि इस कारोबार से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य निजी निर्माण कार्यों के लिए यदि कोई व्यक्ति नदी से बालू लाने जाता है, तो कथित माफिया उसे रोक देते हैं। आरोप है कि लोगों को धमकी दी जाती है कि यह उनका इलाका है और यहां से बालू उठाने की गलती करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस दबंगई से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
गौरतलब है कि नदियों के अस्तित्व और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए सरकार अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसके बावजूद नदी के पास भारी मात्रा में बालू भंडारण और बिक्री की शिकायत सामने आना कई सवाल खड़े करता है।
प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पिछले एक वर्ष से वन विभाग की भूमि पर बालू का भंडारण और बिक्री हो रही है, तो अब तक वन विभाग या संबंधित विभागों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी। क्या बालू का भंडारण वैध अनुमति से किया जा रहा है, या नियमों को ताक पर रखकर कारोबार चल रहा है? खनन विभाग, वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की भूमिका और निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बालू भंडारण की वैधता की जांच करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने और नदी से जुड़े प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।




















Total Users : 1283465
Total views : 3159818