वनवासी कल्याण केंद्र में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मना जनजातीय गौरव दिवस
हजारों लोगों ने शोभायात्रा में लिया हिस्सा, 15 से अधिक खोड़हा दलों ने दी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुति
लोहरदगा। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 18 नवंबर को वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में भगवान बिरसा मुंडा का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, विशाल शोभायात्रा एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत कृषि बाजार से निकाली गई विशाल शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा में राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर के अतिथियों के साथ हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। भगवान बिरसा मुंडा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। शोभायात्रा वनवासी कल्याण केंद्र पहुंची, जहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान जोरदार आतिशबाजी और जयघोष से वातावरण उत्साहमय हो गया।
इसके बाद वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद्मश्री तेचि गोविन, प्रदीप भैया जी महाराज, समाजसेविका निशा उरांव, प्रांतीय अध्यक्ष सुदन मुंडा, प्रांत संचालक सच्चिदानंद अग्रवाल, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, नगर समिति अध्यक्ष राजेश महतो, सचिव सुनील अग्रवाल एवं जय प्रकाश शर्मा ने पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। नगर अध्यक्ष ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका परिचय कराया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह खेरवार ने अपने संबोधन में कहा कि उनका जन्म लातेहार जिले में हुआ और उन्होंने गुमला स्थित वनवासी आश्रम में रहकर शिक्षा प्राप्त की है। इसलिए उन्हें यहां की समस्याओं की पूरी जानकारी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरना और सनातन की एकता एवं अखंडता अत्यंत आवश्यक है। दोनों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना चाहिए।
मंगल धाम देवघर के संस्थापक प्रदीप जी महाराज ने कहा कि हम सभी प्रकृति के उपासक हैं। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाना और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने मंगल धाम में स्थापित 108 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के अनेक भाई-बहन भी हनुमान जी के उपासक हैं। वनवासी कल्याण केंद्र के सभी सेवा कार्य जनजातीय समाज के कल्याण और उत्थान के लिए समर्पित हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद्मश्री तेचि गोविन ने अरुणाचल प्रदेश की सामाजिक व्यवस्था और जनजातीय समाज को मिलने वाली विशेष सुविधाओं एवं अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वहां ऐसे कानून हैं, जिनके माध्यम से स्थानीय निवासियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाती है।
समाजसेविका निशा उरांव ने वनवासी कल्याण केंद्र द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने धर्मांतरण जैसे गंभीर विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि इसके विरुद्ध उन्होंने पूरे राज्य में व्यापक अभियान चला रखा है। समाज में धर्म को लेकर उत्पन्न हो रहे भटकाव को दूर करना उनका संकल्प है। उन्होंने लोहरदगा क्षेत्र में भी इस विषय पर कार्य करने की बात कही।
नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने भी अपने संबोधन में सरना-सनातन एकता और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। इस दौरान 15 से अधिक खोड़हा समूहों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिला अध्यक्ष कलावती ने उपस्थित लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के दस नियमों को अपनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी खोड़हा समूहों को सचिव सुनील अग्रवाल एवं अतिथियों द्वारा उपहार देकर सम्मानित किया गया।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि हमारा जन्म उस धरती पर हुआ है, जहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने जन्म लेकर अल्पायु में ही इतिहास रच दिया। उन्होंने कहा कि अन्याय और गलत कार्यों के विरुद्ध आवाज उठाना तथा जरूरत पड़ने पर क्रांति का मार्ग अपनाना ही भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान की सच्ची प्रेरणा है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, आगंतुकों, जिला समिति, महिला समिति, नगर समिति, मीडिया समूह एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम का मंच संचालन राजेंद्र बड़ाईक ने किया। इस अवसर पर प्रफुल कांत, धनंजय सिंह, सुशील मरांडी, कृपा प्रसाद सिंह, सुरेश लोहरा, देवनन्दन सिंह, कामेश्वर साहू, बृजमणि पाठक, सरिता देवी, धीरज मालगोप, अजय पंकज, बबलू जायसवाल, डॉ. श्रद्धा कश्यप, डॉ. रितु भगत, शरतचंद्र आचार्य, बिरसू उरांव, मंगल भगत, डॉ. कुमुद अग्रवाल, नवल अग्रवाल, सत्यकेतु सोनी, वीरेंद्र मित्तल, कपिल देव मिश्रा, जीवन राज मेहता, विजय भगत, राघव राणा, खेदु नायक, मनीष राजगढ़िया, प्रदीप साहू, विनोद साहू, रमेश राय, सचिन मित्तल, रीता अग्रवाल, संगीता मित्तल, कनक लता अग्रवाल, शिरीष केशरी, मंगल उरांव, वीरेंद्र शर्मा, दीपक कुमार, देवेंद्र मंडल, दीपक अग्रवाल, गौतम लेनिन, राहुल कौशल, नूतन कच्छप, पारस सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं समाज के लोग उपस्थित थे।
























Total Users : 1272608
Total views : 3142555