पूर्व विधायक बोले- शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में आगे बढ़े समाज; गरीब परिवारों की मदद, बेटियों की सुरक्षा और कुरीतियों पर भी हुई चर्चा
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड के बारीसाखी स्थित आरएसवाई पब्लिक स्कूल मैदान में मंगलवार को यदुवंशी समाज की ओर से गोवर्धन पूजा समारोह सह बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता हेमंत यादव ने की और संचालन गंगा प्रसाद यादव ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बरही के पूर्व विधायक अकेला यादव, जिला परिषद सदस्य चंद्रदेव गोप, प्रमुख अनीता यादव, उप प्रमुख प्रीतम यादव, मंडल अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि बालेश्वर यादव, मुखिया जगदीश यादव, पंचायत अध्यक्ष रामाशीष यादव, यदुनंदन यादव, शिवकुमार यादव और सरजू नारायण यादव मौजूद रहे। शुरुआत में अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और समाज के महापुरुषों को माल्यार्पण कर नमन किया गया। वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
अहीर रेजिमेंट की मांग: अकेला यादव ने कहा कि समाज को संगठित होकर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि अहीर रेजिमेंट समाज का हक है और इसके लिए सबको एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। बैठक की सबसे प्रमुख मांग “अहीर रेजिमेंट, हक हमारा” रही, जिस पर प्रस्ताव भी पारित किया गया।
अध्यक्ष हेमंत यादव ने कहा कि समाज की एकता ही सबसे बड़ी ताकत है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। बैठक में गरीब व जरूरतमंद परिवारों की मदद, बच्चों की शिक्षा, बेटियों की सुरक्षा और सम्मान तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर भी चर्चा हुई। युवाओं से संगठित होकर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया। संचालक गंगा प्रसाद यादव ने कहा कि ऐसी बैठकें लगातार होनी चाहिए, ताकि हर व्यक्ति की आवाज संगठन तक पहुंचे। उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज को संगठित, शिक्षित और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। अंत में हेमंत यादव ने आभार जताया।



















Total Users : 1262745
Total views : 3127822