दीपावली और छठ से पहले मिलावट पर कसा शिकंजा, कर्मियों के हाथों में ग्लव्स नहीं मिलने पर अधिकारी नाराज; दुकान बंद करने वालों को मिलेगा नोटिस, दोबारा जांच करेगी टीम
हंटरगंज (चतरा)। दीपावली और छठ पर्व से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने हंटरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार में छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही होटल और मिठाई दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान चौरसिया स्वीट्स से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए चतरा भेजे गए।
उपायुक्त के निर्देश पर पहुंची टीम ने चौरसिया स्वीट्स में खाद्य सामग्री तैयार करने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मियों के हाथों में ग्लव्स नहीं पाए गए। फूड सेफ्टी ऑफिसर दिनेश मारंडी ने इस पर नाराजगी जताते हुए खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
जांच अभियान की खबर बाजार में फैलते ही कई होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। अधिकारियों ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमों का पालन करने वाले दुकानदारों को जांच से डरने की जरूरत नहीं है। जांच की सूचना मिलने के बाद प्रतिष्ठान बंद करने वालों को चिह्नित कर नोटिस दिया जाएगा।
टीम में दिनेश मारंडी, सुप्रिया मुंडू और अनूप कुमार शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों में मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीम दोबारा हंटरगंज पहुंचेगी और विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच करेगी। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने दुकानदारों से साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन करने की अपील की है।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव




















Total Users : 1254899
Total views : 3116057