नकद 3.70 लाख, 15 एटीएम कार्ड, 8 मोबाइल, स्विफ्ट कार और बुलेट बाइक जब्त; चतरा पुलिस ने गठित की थी विशेष टीम, पुलिस की अपील- अजनबियों को न दें खाता और एटीएम की जानकारी
चतरा। नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड लेकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चतरा पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इस कार्रवाई में नकदी, एटीएम कार्ड, मोबाइल, सिम कार्ड के साथ कार और बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त हुई है।
पुलिस के अनुसार, 02 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने आवेदन देकर बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर उससे बैंक खाता, पासबुक, एटीएम एवं सिम कार्ड ले लिए गए। बाद में पता चला कि उसके बैंक खाते में अवैध रूप से राशि का ट्रांसफर एवं डिपॉजिट किया जा रहा था। आवेदन पर कांड पंजीकृत करते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर साइबर ठगी में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवकों को नौकरी का लालच देकर उनके बैंक खाते और एटीएम कार्ड हासिल कर लेते थे। इसके बाद उन्हीं खातों के जरिए साइबर ठगी की राशि का लेन-देन किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी
- मनीष कुमार, चतरा जिला
- दीपक कुमार पासवान, चतरा जिला
- मुस्कान प्रवीण, धनबाद जिला
- इमामुल अंसारी, धनबाद जिला
- सोनू कुमार, बोकारो जिला
बरामद सामान
- 3 लाख 70 हजार रुपये नकद
- 15 एटीएम कार्ड
- 8 एंड्रॉयड मोबाइल
- 4 सिम कार्ड
- सोने की चेन, तीन कलाई घड़ी, तीन पर्स, ट्रॉली बैग एवं पीठू बैग
- JH10DL-1684 नंबर की काले रंग की स्विफ्ट कार
- JH13N-3895 नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई थाना प्रभारी अनिल उरांव एवं पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह के नेतृत्व में चतरा पुलिस तकनीकी टीम तथा सदर थाना सशस्त्र बल के सहयोग से की गई। पुलिस का कहना है कि नौकरी दिलाने का प्रलोभन देने वाले अन्य संदिग्धों एवं साइबर ठगी में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अजनबी व्यक्ति को नौकरी या लाभ का लालच देकर अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी न दें। ऐसा करने से आपका खाता साइबर ठगी में इस्तेमाल हो सकता है और आप भी कानूनी पेच में फंस सकते हैं।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव





















Total Users : 1254899
Total views : 3116057