दिवाली से पहले चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत, रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग
भंडरा (लोहरदगा)। भंडरा थाना क्षेत्र के पलमी बड़ाटोली गांव में अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग के 16 केवीए के ट्रांसफार्मर से तांबे का क्वाइल चोरी कर लिया। इस घटना के बाद गांव के लगभग 40 से 50 घरों की बिजली गुल हो गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने बीती रात गांव के स्कूल के पास खंभे पर लगे ट्रांसफार्मर को नीचे उतारा और उसे पास के स्कूल मैदान में ले गए। इसके बाद ट्रांसफार्मर को खोलकर उसमें लगे कीमती तांबे के क्वाइल निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दिवाली नजदीक आते ही क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। इससे कुछ दिन पहले भी गांव में खेतों में लगे सबमर्सिबल मोटर की चोरी हुई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं, ट्रांसफार्मर से क्वाइल चोरी होने के कारण प्रभावित घरों में बिजली बहाल करना भी ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है।



















Total Users : 1246794
Total views : 3104543