वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया प्रशासन, ग्रामीणों ने एमडीओ कंपनी पर लगाए तस्करी के आरोप, पुलिस-प्रशासन ने नहीं की पुष्टि; उच्चस्तरीय जांच की मांग
टंडवा (चतरा)। जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत उड़सू स्थित बड़की नदी से पोकलेन मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर कथित अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। गुरुवार को ग्रामीणों ने इस गतिविधि का तीखा विरोध जताया था।
पोकलेन से कोल वाहनों में बालू की ढुलाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और इस्तेमाल हो रही पोकलेन मशीन तथा एक बोलेरो को जब्त कर थाने ले आई। इधर, शिकायत मिलने पर सीओ गौरव कुमार के निर्देश पर अंचल टीम ने मामले की जांच की। जांच में नदी क्षेत्र में पोकलेन लगाकर बालू के अवैध खनन और परिवहन की बात सामने आने के बाद टाटा हिताची पोकलेन मशीन के मालिक और चालक के विरुद्ध टंडवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने सीओ की पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर रोक और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई जरूरी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चंद्रगुप्त कोल परियोजना में कार्यरत एमडीओ सुशी इंफ्रा कंपनी की ओर से भारी मशीनों के जरिए हजारीबाग जिला क्षेत्र में बालू की तस्करी कराई जा रही थी। सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि इसमें प्रभावशाली लोग शामिल हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस या प्रशासन ने नहीं की है।
वाहनों की जब्ती के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है। बताया जाता है कि जब्त वाहनों का जीपीएस लोकेशन टंडवा थाना क्षेत्र के उड़सू का है। चर्चा है कि संलिप्त लोग वाहनों को हजारीबाग जिले में ले जाने की कोशिश में लगे थे, ताकि मामले को सस्ते में निपटाया जा सके।
आम लोगों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब स्थानीय लोगों की नजर इस पर है कि प्रशासन एमडीओ कंपनी और अवैध खनन से जुड़े अन्य मामलों में आगे क्या कदम उठाता है।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव





















Total Users : 1240095
Total views : 3095117