देर रात हुआ प्रतिमा विसर्जन, जयकारों से गूंजा क्षेत्र; विसर्जन के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड के पाण्डेयपुरा में दुर्गा पूजा के समापन पर बुधवार देर रात मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। गाजे-बाजे के साथ पहुंची ताशा पार्टी ने ऐसी प्रस्तुति दी कि श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए। ढोल-ताशे की गूंज और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।
विसर्जन जुलूस में श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह दिखा। ताशा पार्टी की धुन पर युवाओं और भक्तों ने जमकर आनंद लिया। विदाई के अवसर पर श्रद्धालु पूरे जोश और उमंग के साथ जुलूस में शामिल हुए और जगह-जगह मां के जयकारे लगते रहे।
प्रतिमा को विदाई देते समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। भक्तों ने मां से सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की और अगले वर्ष फिर आगमन की प्रार्थना करते हुए भावुक मन से विदा किया। पाण्डेयपुरा में दुर्गा पूजा के दौरान हुए विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। प्रतिमा विसर्जन के साथ पूजा महोत्सव का समापन हो गया।


















Total Users : 1240094
Total views : 3095115