Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

पेड़ पर काली पॉलीथिन में लटका मिला नवजात, रोने की आवाज से खुला राज

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

बिजली बोर्ड कॉलोनी में सुबह-सुबह मचा हड़कंप, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हरियाणा के भिवानी जिले में सोमवार सुबह एक नवजात शिशु को पेड़ पर काली पॉलीथिन में लटका पाए जाने से सनसनी फैल गई। घटना शहर थाना क्षेत्र की बिजली बोर्ड कॉलोनी की है। नवजात के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने जब आसपास देखा तो पेड़ से काली पॉलीथिन लटकी मिली। लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।

पॉलीथिन खोलने पर मिला नवजात

घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। कॉलोनी के मुख्य मार्ग से गुजर रहे लोगों को पेड़ पर एक काली पॉलीथिन लटकी दिखाई दी। पॉलीथिन के हिलने के साथ अंदर से बच्चे के रोने की आवाज भी सुनाई दे रही थी। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पॉलीथिन को खोलने पर उसमें नवजात शिशु मिला। पुलिसकर्मियों ने बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया।

बताया गया कि नवजात लड़का है और उसके शरीर पर जन्म के बाद की नाल भी बंधी हुई थी। ठंड में काफी देर तक बाहर रहने के कारण उसका शरीर ठंडा पड़ गया था।

कम वजन के कारण पीजीआई रेफर

सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. बलवान के अनुसार, नवजात का वजन कम है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर जांच और उपचार के लिए उसे पीजीआई रेफर किया गया। फिलहाल बच्चे की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। बाल संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण भी अस्पताल पहुंचीं और नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी है और उसकी चिकित्सकीय देखरेख जरूरी है।

करीब आधे घंटे में बदल गया नजारा

प्रत्यक्षदर्शी एवं बिजली कर्मचारी संघ के प्रधान धर्मवीर भाटी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे जब वह वहां से गुजरे थे, तब उन्हें ऐसा कुछ दिखाई नहीं दिया था। करीब साढ़े पांच बजे दोबारा लोग वहां से गुजरे तो पेड़ पर काली थैली लटकी दिखाई दी और बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने बताया कि नवजात खुले में लटका होने के कारण ठंड से प्रभावित हो गया था। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना देकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकलवाया।

माता-पिता की तलाश, सीसीटीवी फुटेज की जांच

थाना शहर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बिजली विभाग के लाइनमैन रामचंद्र ने डायल-112 पर घटना की सूचना दी थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और घटना किस समय हुई। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ कैमरों के खराब होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ करने के साथ उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नवजात को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

News Scale Live | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment