भारती टोला में करीब दो किमी खराब रास्ते से परिजनों ने पहुंचाया, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग दोहराई
कुंदा (चतरा)। कुंदा प्रखंड क्षेत्र के मरगड़ा पंचायत अंतर्गत मरगड़ा गांव के भारती टोला में सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण एक गर्भवती महिला को एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए परिजनों को मोटरसाइकिल का सहारा लेना पड़ा। परिजन गर्भवती महिला को मरगड़ा से दूधमटिया तक करीब दो किलोमीटर खराब रास्ते से बाइक पर लेकर पहुंचे, जिसके बाद उसे एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए आगे ले जाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव तक सुगम सड़क नहीं होने से गर्भवती महिलाओं के अलावा बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को भी काफी परेशानी होती है। आपात स्थिति में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में मरीजों को बाइक, चारपाई या अन्य साधनों के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।
कई बार प्रशासन को दी गई सूचना
ग्रामीणों ने एक बार फिर जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भारती टोला तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं संबंधित पंचायत के मुखिया उपेंद्र पासवान ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण को लेकर कई बार जिला प्रशासन को सूचित किया गया है, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका है।






















Total Users : 1178051
Total views : 3009730