ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने बिजली विभाग को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
गिरिडीह, न्यूज स्केल संवाददाता।
गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड अंतर्गत पंडरी पंचायत के ललकीगढ़ा गांव में पिछले करीब 10 माह से बिजली ट्रांसफार्मर जले होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रांसफार्मर खराब होने से ललकीगढ़ा और बभन पलकिया टोला के करीब 60-70 घरों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायत के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है।
ग्रामीणों की शिकायत पर ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने मंगलवार को गांव का दौरा कर स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों से बातचीत के बाद उन्होंने बिजली विभाग को 10 दिनों के भीतर जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो पार्टी ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
राजेश यादव ने कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों का जीवन अंधेरे में गुजर रहा है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज कराने के लिए पंडरी जाना पड़ता है और इसके लिए प्रति मोबाइल करीब 5 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने 10 माह से ट्रांसफार्मर खराब रहने को गंभीर मामला बताते हुए बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लाइनमैन और बिजली मिस्त्री को ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी है, ऐसे में विभागीय अधिकारियों के भी इससे अवगत होने की संभावना है। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं होना ग्रामीणों की परेशानी को बढ़ा रहा है। ग्रामीणों ने करीब एक पखवाड़े पूर्व विभागीय अधिकारी को लिखित शिकायत भी दी थी।
ग्रामीणों के साथ बैठक के बाद राजेश यादव ने डांड़ीडीह पहुंचकर विद्युत अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की और ललकीगढ़ा की बिजली समस्या से उन्हें अवगत कराया। इस पर विद्युत अधीक्षण अभियंता ने तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया।
बैठक में सुरेश यादव, मीरूलाल हांसदा, शिवनारायण मुर्मू, बिजली भोगता, बिशु भोगता, अघनु भोगता, गिरधारी यादव, कांग्रेस महतो, शांति देवी, ममता देवी, लीलमुनि देवी, अनिता देवी, मेहंदी देवी, बड़की देवी, सुनीता देवी, राजू भोगता, सरोदी देवी, गीता कुमारी, मुकेश सोरेन, मनोज सोरेन, अविनाश टुडू, संदीप हांसदा, लक्ष्मण मुर्मू, यशोदा देवी, बुधन सोरेन, सबोदी देवी, संझवा देवी, सोममुनी देवी, प्रमिला देवी, हीरामुनी देवी, बहामुनी देवी, सकुला देवी, मालो देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
न्यूज़ स्केल लाइव | भरोसे की पहचान



















Total Users : 1175810
Total views : 3006720