समय पर मिला खून, बची मरीज की जान — जय श्रीराम समिति ने पेश की मानवता की मिसाल
लोहरदगा। जय श्रीराम समिति ने एक बार फिर जरूरतमंद मरीज की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। कुडू प्रखंड निवासी पंचम लोहरा के पुत्र विनोद लोहरा का सदर अस्पताल लोहरदगा में इलाज चल रहा था। चिकित्सकों ने मरीज में अत्यधिक रक्त की कमी बताते हुए तत्काल रक्त चढ़ाने की आवश्यकता बताई। चिकित्सकों ने परिजनों को बताया कि समय पर रक्त नहीं मिलने की स्थिति में मरीज की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन काफी परेशान थे। इसी दौरान उन्होंने जय श्रीराम समिति कुडू प्रखंड अध्यक्ष दीपक पासवान से संपर्क किया। दीपक पासवान ने बिना देर किए मामले की जानकारी जिला कमेटी को दी। सूचना मिलते ही समिति सदस्य दीपक कुमार तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे और एक यूनिट रक्तदान कर मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
इस मौके पर कुडू प्रखंड अध्यक्ष दीपक पासवान ने कहा कि ऐसे नाजुक समय में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना ही जय श्रीराम समिति का दायित्व है, जिसे समिति पूरी निष्ठा के साथ निभा रही है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज के हर वर्ग के लोगों को जोड़ना और सुख-दुख की घड़ी में एक-दूसरे का सहयोग करना है। आज के समय में गरीब और जरूरतमंद लोगों को कई बार मदद के लिए भटकना पड़ता है, ऐसे में जय श्रीराम समिति हमेशा जरूरतमंदों के साथ खड़ी रहने का प्रयास करती है।
वहीं रक्तदाता दीपक कुमार ने कहा कि पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही उनका मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जब किसी जरूरतमंद के लिए रक्तदान कर उसकी मदद करने का अवसर मिलता है तो मन में एक अलग तरह की संतुष्टि और हिम्मत मिलती है। सामने वाले व्यक्ति को स्वस्थ और खुश देखकर जो खुशी मिलती है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
समिति के इस मानवीय पहल की मरीज के परिजनों ने सराहना करते हुए जय श्रीराम समिति के सदस्यों के प्रति आभार जताया। मौके पर जिला संरक्षक अजय सोनी,सावित्री देवी,शांति देवी समेत अन्य लोग मौजूद थे


















Total Users : 1174818
Total views : 3005477