लोहरदगा। झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा, नगर विकास, खेलकूद एवं पर्यटन विभाग के मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर लोहरदगा जिला विश्वकर्मा समाज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन की खबर से समाज के लोगों में शोक की लहर है।
विश्वकर्मा समाज के लोगों ने कहा कि सुदिव्य कुमार समाज से आने वाले ऐसे जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने अपनी राजनीतिक और सामाजिक यात्रा के माध्यम से समाज को गौरवान्वित किया। उनके आकस्मिक निधन से समाज ने एक कर्मठ, मिलनसार और जनहित के प्रति समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है।
लोहरदगा जिला विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष दीपक कुमार कर्मकार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक और अविश्वसनीय है। वे विश्वकर्मा समाज के गौरव थे और समाज के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहे। उनके निधन से न केवल झारखंड की राजनीति बल्कि विश्वकर्मा समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार का व्यक्तित्व हमेशा लोगों के बीच सहज और आत्मीय रहा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।
वहीं समाज के सचिव अमरेश विश्वकर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार का यूं अचानक चले जाना पूरे समाज के लिए गहरा आघात है। उन्होंने कहा कि समाज ने अपने बीच से निकले एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया है, जिसकी पहचान अपनी मेहनत, व्यवहार और जनसेवा से बनी थी। उनके निधन से पैदा हुई कमी को पूरा करना आसान नहीं होगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
लोहरदगा जिला विश्वकर्मा समाज ने सामूहिक रूप से दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाज उनके योगदान और व्यक्तित्व को हमेशा स्मरण करता रहेगा। समाज की ओर से ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।


















Total Users : 1174818
Total views : 3005477