रिश्ते शर्मसार; पुलिस ने पॉक्सो के तहत केस दर्ज कर शुरू की आरोपी की तलाश
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप बच्ची के 21 वर्षीय चाचा पर लगा है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बताया गया कि शनिवार रात करीब नौ बजे बच्ची घर की छत पर खेल रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे थे। आरोप है कि इसी दौरान उसका चाचा छत पर पहुंचा और बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख सुनकर उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्य छत पर पहुंचे। परिजनों को आता देखकर आरोपी वहां से भाग निकला। बच्ची की हालत देखकर परिवार के लोग परेशान हो गए।
सुबह थाने पहुंची मां
रविवार सुबह करीब पांच बजे बच्ची की मां उसे लेकर नवाबगंज थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद बच्ची को उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की स्थिति स्थिर बताई गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश
घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। हालांकि, आरोपी के पकड़े जाने की चर्चा के बावजूद पुलिस की ओर से फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। नवाबगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी की तलाश जारी है और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जाएगी।





















Total Users : 1135554
Total views : 2959950