Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

JSSC-CGL समेत कई परीक्षाओं पर हाईकोर्ट की रोक

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

सरकार के रद्द करने के आदेश को झटका, CDPO और CGL परीक्षा के विज्ञापन रद्द करने पर रोक; 15 सितंबर को अगली सुनवाई

रांची। झारखंड सरकार द्वारा विभिन्न परीक्षाओं और नियुक्तियों को रद्द करने के फैसले को चुनौती देने वाली चार अलग-अलग याचिकाओं पर शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने JSSC-CGL और CDPO परीक्षा के विज्ञापन रद्द करने के राज्य सरकार के आदेश पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी।

याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा, अमृतांश वत्स और पीएएस पति ने अदालत में पक्ष रखा। याचिकाओं में राज्य सरकार द्वारा बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) परीक्षा का विज्ञापन रद्द करने के साथ-साथ JSSC-CGL परीक्षा और उससे संबंधित नियुक्तियों को रद्द करने के फैसले को चुनौती दी गई है।

11वीं से 13वीं सिविल सेवा और FSO का मामला भी अदालत पहुंचा

कुछ याचिकाओं में JPSC की 11वीं से 13वीं सिविल सेवा परीक्षा तथा फूड सेफ्टी ऑफिसर की नियुक्तियों को रद्द करने के सरकारी फैसले को भी चुनौती दी गई है। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने CDPO और JPSC की 11वीं से 13वीं सिविल सेवा परीक्षा को रद्द करने के मामले में राज्य सरकार और JPSC से जवाब मांगा है।

18 अगस्त को सरकार ने जारी की थी अधिसूचना

दरअसल, सीआईडी जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर राज्य सरकार ने 18 अगस्त की देर रात टीडीपीएल यानी टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी परीक्षाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया था। सरकार ने वर्ष 2014 के बाद आयोजित भर्ती परीक्षाओं में संभावित अनियमितताओं की जांच कराने की भी घोषणा की थी। इसके बाद कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से परीक्षा रद्द करने, कुछ परीक्षाओं की प्रक्रिया स्थगित करने और अन्य परीक्षाओं को जांच के दायरे में रखने संबंधी अधिसूचनाएं जारी की गईं।

अधिसूचना के अनुसार 22 परीक्षाएं रद्द, 6 परीक्षाओं की प्रक्रिया स्थगित और 17 परीक्षाओं को जांच के दायरे में रखा गया था।

अब 15 सितंबर पर टिकी नजर

हाईकोर्ट द्वारा JSSC-CGL और CDPO के विज्ञापन रद्द करने के आदेश पर रोक लगाए जाने के बाद इन परीक्षाओं से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब अगली सुनवाई में राज्य सरकार और संबंधित आयोग की ओर से अदालत के समक्ष क्या जवाब दिया जाता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment