कुडू में 16 ढाबों-होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, स्टार्चयुक्त पनीर व एक्सपायरी सामान बरामद
लोहरदगा/कुडू। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा कार्यालय लोहरदगा की टीम ने गुरुवार को कुडू प्रखंड मुख्यालय तथा कुडू-रांची हाईवे स्थित ढाबों, होटलों और मिष्ठान भंडारों में विशेष सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 16 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की ऑन-स्पॉट जांच की गई।
जांच के दौरान मेसर्स बिहारी ढाबा में स्टार्चयुक्त पनीर का उपयोग पाया गया। टीम ने करीब दो किलो पनीर मौके पर ही नष्ट करा दिया। वहीं मेसर्स अजय ढाबा में भारी मात्रा में एक्सपायरी मसाले, पेय पदार्थ, बिस्किट सहित अन्य खाद्य सामग्री पाई गई। सभी सामानों को मौके पर नष्ट कराते हुए खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। संचालक को तीन दिनों के अंदर चालान के माध्यम से राशि बैंक में जमा करने का निर्देश दिया गया।
मेसर्स राधिका ढाबा में बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के प्रतिष्ठान संचालित करते पाए जाने पर 500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इसके अलावा कुडू बस स्टैंड स्थित मिष्ठान भंडार संचालकों को खाद्य पदार्थ खुले में नहीं रखने तथा इसके लिए ग्लास कैबिनेट का उपयोग करने का निर्देश दिया गया।
जांच के दौरान लगभग सभी मिष्ठान भंडारों और ढाबों में थोड़ी मात्रा में एक्सपायरी पेय पदार्थ, बेसन और मसाले भी पाए गए। संबंधित संचालकों को ऐसी लापरवाही दोबारा नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए इस तरह का औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्देशों का अनुपालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर एवं विश्वनाथ गगराई सहित विभाग के सहायक कर्मी मौजूद थे।





















Total Users : 1121871
Total views : 2941181