जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परेड, राष्ट्रीय गान और बैंड प्रस्तुति का हुआ पूर्वाभ्यास
चतरा। स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर गुरुवार को मुख्य कार्यक्रम स्थल जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। उपायुक्त रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने रिहर्सल का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न परेड टुकड़ियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप पूर्वाभ्यास किया।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के आगमन पर परेड टुकड़ियों द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण किया। रिहर्सल में एसएसबी 35वीं बटालियन, डीएपी, जिला पुलिस बल, गृह रक्षक बल, डीएवी एनसीसी बॉयज, डीएवी एनसीसी गर्ल्स, इंदिरा गांधी आवासीय विद्यालय चतरा सहित विभिन्न विद्यालयों की टुकड़ियों ने मार्च-पास्ट एवं अन्य गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया। विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय गान एवं बैंड प्रस्तुति का भी अभ्यास किया।
डीसी-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, साज-सज्जा, पेयजल, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था, अग्निशमन, एंबुलेंस तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करते हुए शेष तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने परेड टुकड़ियों के पूर्वाभ्यास का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य समारोह के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।
इन स्थानों पर होगा ध्वजारोहण व कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में सुबह 8:00 बजे, फांसी तालाब स्थित शहीद स्मारक पर 8:15 बजे, पोस्ट ऑफिस मोड़ स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर 8:25 बजे, रेड क्रॉस में 8:30 बजे तथा जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्य समारोह के दौरान सुबह 9:05 बजे निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य समारोह में परेड, राष्ट्रीय गान सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके बाद दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जिला प्रशासन एवं पत्रकार एकादश के बीच फैंसी फुटबॉल मैच आयोजित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित सहित संबंधित वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, परेड से जुड़े कर्मी एवं अन्य संबंधित मौजूद रहे।






















Total Users : 1121910
Total views : 2941239